रविवार की सुबह मैनपुरी रोड स्थित मुख्य बाजार पुलिस चौकी पर दो सिपाहियों ने बंजारा समुदाय के एक युवक को बेरहमी से पीटा। उसकी हालत बिगड़ती देख चौकी में ताला लगाकर फरार हो गए। इससे गुस्साए परिवारीजन और इलाके के लोग गेट तोड़कर पुलिस चौकी में घुस गए और कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। वहां रखे अभिलेख फाड़ दिए। मुख्य बाजार में जाम लगा दिया। बवाल के चलते बाजार बंद हो गया। आसपास के थानों से पुलिस और पीएसी बुला ली गई। करीब तीन घंटे बाद एडीएम प्रशासन और एएसपी मौके पर पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। एसएसपी ने आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस की मारपीट का शिकार हुआ सलीम बंजारा डेरा निवासी करीम का बेटा है। करीम ने बताया कि वह रविवार सुबह 9 बजे मैनपुरी से अपनी बहन के घर से पचास हजार रुपये लेकर बाइक से घर लौट रहा था। मुख्य बाजार पुलिस चौकी में तैनात सिपाही शोएब और अजय राठी ने उसे रोका और उससे पचास हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उसे पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। सलीम लहूलुहान अवस्था में घर पहुंचा। उसकी हालत देख परिवारीजनों और इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने चौकी पर धावा बोल दिया। 12:30 बजे यहां पहुंचे एडीएम और एएसपी ने घायल सलीम को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हंगामे के कारण मुख्य बाजार बंद हो गया जो छह घंटे बाद मामला शांत होने के बाद खुला। एसएसपी अशोक में कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अलीगंज में सलीम को पीटने वाले सिपाही अजीत राठी और शोएब को निलंबित कर इनके खिलाफ जांच शुरू करा दी गई है। चौकी में तोड़फोड़ करने वालों पर भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।