आगरा रोड पर रविवार रात ट्रक सवार बदमाशों ने गेहूं से भरे ट्रक को लूट लिया। बदमाश चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर निधौलीकलां ले गए और वहां पर फेंक दिया। इसके बाद बदमाश गेहूं से भरा ट्रक लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह बंधक मुक्त होने के बाद क्लीनर ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। चालक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
कासगंज गल्ला मंडी मुनेश यादव के ट्रक में रविवार को 450 क्विंटल गेहूं बोरी में भरकर आगरा मंडी जा रहा था। ट्रक को ढोलना थाना के जसेरा निवासी चालक हर प्रसाद चला रहा था और उसके साथ क्लीनर वीरपाल था। रविवार रात आगरा रोड पर वसुंधरा गांव के समीप पीछे से आए खाली ट्रक में सवार आधा दर्जन बदमाशाें ने जबरन ट्रक रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों को बंधक बना कर अपने ट्रक में डाल लिया। इसके बाद बदमाश ट्रक चालक-क्लीनर को निधौलीकलां थाना क्षेत्र में नगला बंदी के पास फेंक दिया और गेहूं से भरा ट्रक लूट कर फरार हो गए। सोमवार सुबह चालक और क्लीनर ने बंधक मुक्त होकर पुलिस को सूचना देकर बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो से पूछताछ की है। पुलिस ने चालक हर प्रसाद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुुरू कर दी है। लूटे गए गेहूं की कीमत सात लाख रुपये बताई गई है। लूट की वारदात की खबर से ट्रांसपोर्टर और गल्ला व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।