कोहरे के साथ शहर से देहात तक चोरों का उत्पात शुरू हो गया है। गुजरे 36 घंटों में चोरों ने तीन दुकान समेत आठ स्थानों से लाखों का सामान पार कर दिया। चार घरों में चोरी का प्रयास किया गया। चोरी की इन वारदातों ने पुलिस गश्त की कलई खोलकर रख दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित प्रकाश पेट्रोल पंप के पास जहीर अहमद की अदनान मोबाइल पोइंट नाम से दुकान है। रात में चोर दुकान की चादर काटकर घुसे और लाखों रुपये का सामान, 1500 रुपये चुरा ले गए। इसके बगल स्थित चाय की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने वहां से एक हजार रुपये, हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। इसी तरह बगल में स्थित आशुु की दुकान से भी चोर पांच हजार रुपये और हजारों रुपये का सामान उठा ले गए।
---
बागवाला क्षेत्र के दो घरों में चोरी
बागवाला क्षेत्र गांव सिंहपुर निवासी छोटेलाल के यहां गुरुवार की रात घुसे चोर लाखों रुपये के जेवरात तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए। वहीं रामपुर निवासी रामसेवक के यहां से भी गुरुवार रात को चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात, पांच हजार रुपये और अन्य सामान चुरा ले गए।
-----
पूर्व प्रधान के घर से 10 लाख के गहने चोरी
निधौलीकला क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी पूर्व प्रधान राजवीर सिंह आगरा में रहते हैं। गांव के घर में उनकी मां अकेली रहती हैं। गुरुवार की रात घर में घुसे चोर उनके यहां से दस लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी आदि अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस घटना से गांव में दहशत है। वहीं गांव नगला ढिलाई निवासी रामजी लाल के घर से चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसी गांव के रहने वाले गिरंद के घर से भी हजारों रुपये का सामान चोरी हुआ है।