एटा। शराबी बेटे के उत्पात से परेशान पिता ने उसे सबक सिखाने के लिए पेड़ से बांधा तो लोगों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पिता सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव घुटलई निवासी राजवीर पुत्र सत्यराम शराब पीने का आदी है। वह नशे में धुत होकर आए दिन माता-पिता की पिटाई करता है। इसकेे उत्पात से परेशान माता-पिता काफी परेशान हैं। विगत दिनों राजवीर ने अपनी मां को पीटा तो उसकी कमर की हड्डी टूट गई। वहीं पिता की पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। दीपावली पर शराब के नशे में राजवीर ने घर पर हुड़दंग मचाया। राजवीर के उत्पात से परेशान होेकर सोमवार रात पिता सत्यराम ने उसे सबक सिखाने के लिए भांजे पावन सिंह के सहयोग से पेड़ से बांध दिया। रात में गांव के ही किसी शरारती ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवक को पेड़ से बांधने का वायरल वीडियो संज्ञान में लेकर पुलिस ने पिता सत्यराम और भांजे पावन सिंह पुत्र शोभाराम के खिलाफ मारपीट कर पेड़ से बांधह्यने की रिपोर्ट दर्ज की है।
आत्महत्या करने के कर चुका है प्रयास
शराब के नशे में धुत राजवीर उर्फ करू पूर्व में कई बार आत्महत्या करने के प्रयास कर चुका है। माता पिता अगर शराबी बेटे को समझाने के प्रयास करते हैं तो जान देने की धमकी देता है। इससे परेशान माता पिता कुछ भी कहने से डरते रहते हैं।
युवक को पेड़ से बांधने का वीडियो वायरल होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पिता सत्यराम और इनके भांजे पावन सिंह के खिलाफ राजवीर उर्फ करू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वीपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक, सकीट