एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र से सोमवार की सुबह सेना भर्ती की तैयारियां करने वाला युवक दौड़ लगाने के बहाने अचानक लापता हो गया था। इसको एटा पुलिस बृहस्पतिवार की सुबह केदारनाथ उत्तराखंड से बरामद करके ले आई है। युवक केदारनाथ में मौज मस्ती करने गया था और मां ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया दिया।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि कोतवाली नगर के मोहल्ला साक्षी नगर (उद्दैतपुर) निवासी धर्मेंद्र उर्फ पंकज (19) पुत्र प्रताप सिंह को स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने लोकेशन निकालने के बाद केदारनाथ उत्तराखंड से पकड़ा है। इस मामले का मुकदमा पंकज की मां अनीता देवी ने अपहरण का लिखाया था। एसएसपी ने बताया है कि युवक सेना में भर्ती होने की तैयारियों को लेकर दौड़ लगाने के लिए सोमवार की सुबह चार बजे चला गया। इसके बाद लौटकर नहीं आया, तलाश की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। युवक का पिता पुलिस में नौकरी करता है और वर्तमान में हाथरस में तैनात हैं।
युवक अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर गया था लेकिन उसके मोबाइल से अन्य लोगों को कॉल की गई थी, एक नंबर पर काफी लंबी बात होती थी। इसको ट्रैस किया गया तो केदारनाथ से युवक को जिसने कॉल किया उससे लोकेशन मिली। इसके बाद टीम के साथ युवक के पिता को केदारनाथ भेजा गया, और उसको बरामद कर लिया गया। युवक अपनी मर्जी से मौज मस्ती करने के लिए गया था, परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।