एटा। थाना मारहरा क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी युवक का शव हजारा नहर से बरामद कर लिया गया था। युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे नहर में धक्का दिया था और परिजनों के साथ तलाश भी कराते रहे। पुलिस ने शिकायत पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हुआ है।
गांव सुल्तानपुर निवासी जयपाल लोधी (32) पुत्र टोडी सिंह का शव थाना कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित कमसान नहर पुल से शनिवर की दोपहर बाद बरामद हुआ है। शुक्रवार को जयपाल की चप्पलें, साइकिल थाना ढोलना क्षेत्र जिला कासगंज में नहर की पटरी पर रखी मिली थीं। युवक घर से ईंटे खरीदने की कहकर गया था।
मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और जेठ का लड़का सुखवीर पुत्र नेकसे को पति के पीछे भेज दिया। सुखवीर ने जयपाल की साइकिल नहर की पटरी पर ही रखवा दी और उसे लेकर नदरई चला गया। यहां पर जमकर शराब पिलाई और फिर नहर किनारे आ गया। इसके बाद दोनों ने जयपाल को नहर में धक्का देकर बहा दिया। साइकिल मिलने की बात भी सुखवीर ने ही बताई थी और प्रेमी परिजनों के साथ मिलकर तलाश भी कराता रहा। परिजनों की शिकायत पर ही पत्नी सरोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने का खुलासा किया। मृतक के भाई राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी सरोज देवी और सुखवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने सरोज को गिरफ्तार कर लिया है।