प्रदर्शनी पंडाल में बृहस्पतिवार की रात को आयोजित कार्यक्रम में गीत गाती कलाकार- संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। प्रदर्शनी में बृहस्पतिवार की रात पीआरडीएस व संगीत डांस अकादमी के कलाकारों ने मंच पर अपना जलवा बिखेरा। सिंगर सोनम ने जैसे ही गाना गाया लैला ओ लैला पंडाल में बैठे युवा झूमने लगे। इस दौरान मुबंई से आईं रुहानी ने मुजरा पर वाहवाही लूटी। सैनिक पड़ाव पर चल रही प्रदर्शनी में बृहस्पतिवार की रात अलीगढ़ से आए कलाकारों के नाम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर एसडीएम अबुल कलाम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद संगीत डांस अकादमी की कलाकार हिना मिश्रा, सोनू शर्मा, गुंजन, कंचन सिंह व हाशमी राजपूत ने गणेश वंदना की। वहीं मुबंई से आई कलाकार रुहानी ने सलाम-ए-इश्क पर मुजरा कर वाहवाही लूटी। वहीं रुहानी लगातार आठ घंटे तक मुजरा कर रिकार्ड स्थापित कर चुकी हैं। इसके बाद आए सिंगर अली ने अपना दिल तो आवारा गाना गाया।
वहीं कानपुर से आईं सोनम ने लैला ओ लैला व सारा जमाना हंसी का दीवाना पर पंडाल में बैठे युवाओं को झूमने को मजबूर कर दिया। उन्होंने अपनी आवाज के जादू से देर रात तक शीतलहर में भी युवाओं को रोके रखा। सिंगर फुरखान ने बे ख्याली व गुलाबी आंखों पर तालियां बटोरी। संचालन निशांक शर्मा व रुही ने किया। पंडाल में मुख्य विकास अधिकारी मदन वर्मा, तहसीलदार सदर दुर्गेश यादव सहित सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।