एटा। ब्राइट फ्यूचर कंपनी के कर्मचारियों ने तीन साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों को ठगा। इससे पहले भी जिले में कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, सोमवार को एक और मुकदमा महिला सहित चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया। थाना कोतवाली नगर में दर्ज कराई रिपोर्ट में सचिन पुत्र सुरेश चंद्र निवासी सिविल लाइन ने आरोप लगाया है कि मोहल्ला लालपुर में ब्राइट फ्यूचर कंपनी का दफ्तर है। कंपनी में कार्य करने वाली महिला किरन शाक्य पत्नी लखपति सिंह निवासी पीपल अड्डा सहित तीन लोगों ने वर्ष 2015 में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर चार लाख रुपये लिए थे।
वर्ष 2018 में समय पूरा होने पर कंपनी की कर्मचारी किरन शाक्य, नितिन कुमार और उदयपाल सिंह से धनराशि लौटाने को कहा तो नितिन ने सात लाख रुपये का चेक दे दिया। चेक बैंक में लगाया तो भुगतान न होने पर कोतवाली नगर में धोखाधड़ी का मुकदमा 19 मार्च 2019 को दर्ज कराया गया। सचिन का आरोप है कि ठगी की रकम मांगने को लेकर तीनों लोग रंजिशन मानने लगे और रकम हड़पने के इरादे से केस वापस लेने को दबाव बनाया जाने लगा।
आरोप है कि चार सितंबर 2019 की शाम को तीनों लोगों ने लोकमन दास तिराहे पर रोक लिया और जान से मारने की नीयत से तमंचा लगा दिया। कहा कि मुकदमा वापस लो अथवा जान से मारने की बात कही। इस दौरान वहां भीड़ लग गई। जिसे देखकर आरोपी भाग गए। एसएसपी के आदेश पर ठगी करने वाले किरन शाक्य पत्नी लखपति सिंह, नितिन पुत्र महेशचंद्र निवासी बनगांव रोड हीरानगर, उदयपाल पुत्र बाबूराम निवासी मोहल्ला लालपुर व एक अज्ञात के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।