एटा। शिवसिंहपुर के प्रधान पर षड्यंत्र के तहत जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया गया है। षड्यंत्र रचने के लिए एक गिरोह की तरह कार्य किया और लाखों रुपये लेने के बाद जब बैनामा का समय आया तो गुमराह कर भाग गए। जमीन का बैनामा प्रधान ने अपने नाम करा लिया और बाद में धमकी दी गई। मामले की रिपोर्ट पीड़ित की ओर से दर्ज कराई गई है।
शहर के मोहल्ला मढ़ी रामलीला मेहता पार्क निवासी अजीत पालीवाल पुत्र देवऋषि का कहना है कि थाना कोतवाली नगर के शिवसिंहपुर निवासी पन्नालाल पुत्र गंगाराम, इनकी पत्नी उर्मिला और बेटा विजय के साथ प्रधान अशोक कुमार पुत्र रेवती लाल ने सोझी समझी साजिश के तहत अपनी जमीन का सौदा 16 लाख में किया था। यह मामला वर्ष 2016 का है, प्रथम पेशगी के तौर पर छह लाख 18 हजार रुपये लेकर जमीन पर कब्जा दिला दिया। इसके बाद उन्होंने अपने परिचित अवध किशोर को जमीन की देख रेख के लिए छोड़ दिया।
20 मार्च 2017 को मेरे परिचित विनय कौशल के साथ पन्नालाल आया और शेष रकम में से पांच लाख रुपये जरूरत होने की बात कहकर ले गए। दो नवंबर 2019 को जमीन का बैनामा कराना तय हुआ तो पन्नालाल अपनी पत्नी और बेटे के साथ तहसील सदर पहुंचा और शेष बची रकम एक लाख 90 हजार ले लिए और बैनामा टाइप होने लगा।
इसी दौरान उर्मिला रकम लेकर बहाने से निकल गई, विजय को देखने भेजा तो वह भी नहीं लौटा। बाद में पता चला कि तयशुदा जमीन का बैनामा प्रधान अशोक कुमार पुत्र रेवती लाल ने अपने नाम करा लिया है और चारों ने एक षड्यंत्र के तहत रकम हड़प करने के लिए साजिश रची थी। पीड़ित अजीत पालीवाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।