कलक्ट्रेट पर डीएम से मुलाकात करते अनिक के कर्मचारी
- फोटो : ETAH
एटा। अनिक दूध फैक्टरी में चार दिन से चल रहा विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को थम गया। डीएम ने कंपनी के अधिकारियों को दस दिन में 2004 से 2019 तक का भुगतान करने के निर्देश दिए। कंपनी के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। अनिक दूध फैक्टरी में 15 नवंबर को संविदा पर कार्यरत 29 कर्मचारियों को एक माह का समय देते हुए कंपनी से बाहर निकालने को नोटिस थमा दिया। नोटिस मिलते ही कर्मचारियों ने डीएम से लेकर उपश्रम आयुक्त अलीगढ़ के चक्कर काटना शुरू कर दिया। जहां बीते दिनों उप श्रम आयुक्त को डीएम सुखलाल भारती ने तलब कर मामले की जानकारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान कर्मचारियों का विरोध बढ़ता गया।
वहीं 15 दिसंबर से काम पर कंपनी में गए कर्मचारियों के मोबाइल जमा कर उन्हें कार्य नहीं करने दिया। उन्हें कैंटीन में सुबह से शाम तक बैठाए रखा। बुधवार को कर्मचारी अलीगढ़ भी गए। जहां कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। बृहस्पतिवार को डीएम के समक्ष कर्मचारी व कंपनी के अधिकारी पहुंचे। डीएम व एडीएम प्रशासन ने दोनों पक्षों को एक- एक कर सुना। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 2004 से लेकर 2019 तक का जो भुगतान कर्मचारियों का बने। उनको दिया जाए, इसके लिए उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को दस दिन की मोहलत दी है।