एटा। जैथरा क्षेत्र में बदमाशाें ने गुरुवार रात को व्यापारी सहित दो लोगों के साथ लूट ली। वारदात में व्यापारी पर लाठी डंडों और चाकू से हमला करके लुटेरों ने व्यापारी को घायल कर दिया। गंभीर हालत में व्यापारी को आगरा रेफर किया गया।
थाना जैथरा के गांव गढ़ी निवासी जितेंद्र पुत्र प्रतिपाल सिंह की कस्बा धुमरी में कमला गारमेंट्स के नाम से दुकान हैं। कपड़ा व्यापारी जितेंद्र गुरुवार शाम सात बजे करीब दुकान बंद करने के बाद बाइक से गांव जा रहे थे। जैथरा-अंगरैया मार्ग पर बाइक सवार लुटेरों ने लाठी मारकर व्यापारी को गिरा लिया। बदमाशों ने व्यापारी ने लाठी डंडों से चाकू से प्रहार करके घायल कर दिया और थैला लूट ले गए। व्यापारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि थैला में 95 हजार रुपये, फिनो पैमेंट बैंक की मशीन और दुकान की चाबियां थीं। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी ने 100 डायल को घटना की जानकारी दी। पर पहुंची 100 डायल पुलिस ने घायल को जैथरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से परिजन जितेंद्र को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से व्यापारी को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा इलाज कराने के बाद व्यापारी शुक्रवार देर रात वापस आ गया। वहीं कस्बा जैथरा के मोहल्ला बढ़इयान निवासी आशीष पुत्र आदित्य के तीन लुटेरे जैथरा-धुमरी मार्ग पर थैला छीन ले गए। थैले में जरूरी कागजात और दो मोबाइल रखे थे। मामले में आशीष की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
दुकानों से चोरी का भी खुलासा नहीं
कस्बा धुमरी में विगत सप्ताह चार दुकानों के ताले चोरों ने चटकाए थे। व्यापारियों ने कस्बे में चोरी को लेकर रोष भी जताया था। व्यापारियों की दुकानों से करीब 20 हजार रुपये नगदी चोरों ने पार कर दिए थे। मामले में अब तक एक भी चोर नहीं पकड़ा गया है। लगातार हो रही लूट और चोरी की वारदातों से व्यापारियों सहित आम लोगों में भय बढ़तो जा रहा है।
कपड़ा व्यापारी के साथ गुरुवार को वारदात हुई है, मैं मौके पर गया था। व्यापारी घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले गए थे। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद ही पता चलेगा कितने रुपये की लूट हुई है। मामला आपसी झगड़े का लग रहा है। धुमरी चोरी का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
अजय भदौरिया, सीओ अलीगंज