एटा। थानाक्षेत्र में शुक्रवार को कार की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। वहीं एक सप्ताह पूर्व हादसे में घायल अधेड़ ने आगरा में शनिवार को दम तोड़ दिया जबकि फिरोजाबाद का एक युवक हादसे में घायल हुआ है। उसको गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
थाना मिरहची क्षेत्र स्थित गांव नगला नथा के पास शुक्रवार रात कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। इसमें साइकिल सवार मजदूर कमालुद्दीन (28) निवासी जिन्हैरा की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया कि कमालुद्दीन गांव सुपैती स्थित ईंट भट्ठा पर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात करीब एक बजे भट्ठे से गांव वापस लौट रहा था। चालक कार को छोड़कर भाग गया। कार को जब्त कर लिया गया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, थाना मिरहची क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के पास एक सप्ताह पूर्व अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार रुकमपाल (56) घायल हुए थे। आगरा के एक अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन पोस्टमार्टम कराकर शव ले आए। वहीं थाना कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित कमसान नहर पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार विमलेश कुमार निवासी कछबाई थाना एका जिला फिरोजाबाद शुक्रवार रात घायल हो गया।