कटरा मोहल्ला स्थित उपकृषि निदेशक कार्यालय की दूसरी मंजिल की दिखती सरिया। संवाद
एटा। बारिश में जर्जर भवन खतरा बने हुए हैं। एक दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज की डायलिसिस यूनिट की छत का हिस्सा गिरने से तीमारदार युवती घायल हो गई थी। ऐसे ही हालात कई सरकारी कार्यालयों के भवनों के हैं। यहां दिनभर में सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में हादसे की आशंका है।
जिले के कई सरकारी कार्यालयों में यही हालात है। कुछ कार्यालय तो कलेक्ट्रेट परिसर में बने हुए हैं। आबकारी कार्यालय की छत के लिंटर का हिस्सा पहले गिर चुका है। इसके कारण फॉल सीलिंग भी टूट गई है। शेष हिस्से की जर्जरता को फॉल सीलिंग से बचाने का प्रयास विभागीय अधिकारी कर रहे हैं। कार्यालय के छत की सरिया दिखने लगी है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते इन भवनों की मरम्मत या नए भवनों का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। यही स्थिति कमोवेश चकबंदी कार्यालय की है। यहां भी छत की सरिया चमक रही हैं। तहसील परिसर में तहसीलदार कार्यालय के पास का दफ्तर भी पहले गिर चुका है। शेष बचे हुए हिस्से में कार्यालय बना हुआ है। पूरी छत गिरने का डर बना हुआ है।
छतों की नहीं होती सफाई
कार्यालयों की छत पर बारिश के दौरान पानी भर जाता है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण पानी की निकासी की नालियां बंद हो गई हैं। इसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इससे धीरे-धीरे लिंटर कमजोर होने लगता है। पानी का रिसाव शुरू हो जाता है। इसके कारण भवन की छत गिरने का डर बना रहता है।
दृश्य एक:-
कार्यालय की छत से टपकता है पानी
कटरा मोहल्ला स्थित उप कृषि निदेश कार्यालय भवन की दूसरी मंजिल पूरी तरह जर्जर है। इसके लिंटर की सरिया दिखाई देती है। भवन की दीवारें कमजोर हैं। इनमें दरार आ चुकी है। बारिश में कार्यालय की छत टपकती है। जगह-जगह प्लास्टर गिरता है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि नई बिल्डिंग के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
...................
सीन दो :-
चकबंदी कार्यालय में प्लास्टर गिरा
कलेक्ट्रेट परिसर में बना चकबंदी कार्यालय का भवन 50 साल से अधिक पुराना है। यहां इसकी छतों का प्लास्टर गिर रहा है। एक कर्मचारी ने बताया कि बीते सप्ताह पहले वह कार्यालय में रखे दस्तावेजों को खोज रहा था अचानक छत का प्लास्टर उसके पास आकर गिरा। भवन के बरामदे, कमरे में डरावने हालात हैं। छत से पानी भी टपकता है।
कटरा मोहल्ला स्थित उपकृषि निदेशक कार्यालय की दूसरी मंजिल की दिखती सरिया। संवाद