जलेसर। नगर के मोहल्ला घोसियान में जलभराव होने से आठ मकानों में दरारें पड़ गईं। दहशत में आए पांच परिवार अपने मकान छोड़ दूसरी जगह पर शरण ले चुके हैं। बारिश में मकान गिरने की आशंका जताने पर भी कोई कार्रवाई न किए जाने पर सोमवार को गुस्साए लोगों ने पालिकाध्यक्ष गौरी वर्मा के आवास का घेराव कर लिया। इसके बाद हरकत में आए पालिका प्रशासन ने नाले पर बनी दो दुकानों को तोड़ पानी निकासी की व्यवस्था कराई।
मोहल्ला घोसियान में लंबे समय जलभराव की समस्या है। पानी की निकासी बंद होने से नाले-नालियां गंदगी से अटे हैं। हर समय जलभराव रहने से आठ मकानों में दरारें पड़ गई हैं और इनके गिरने की आशंका बनी हुई है। इस पर कुश अग्रवाल, राकेश मिश्रा, उमेश मित्तल, विजय अग्रवाल, संचित अग्रवाल अपने मकान छोड़कर परिवार सहित दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं। शिकायत पर पालिका प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सोमवार को मोहल्ले के गुस्साए लोगों ने पालिकाध्यक्ष के आवास का घेराव कर लिया। लोगों ने बताया कि मोहल्ले से गुजर रहे नाले पर अतिक्रमण है। दुकानों का निर्माण होने से नाले की सफाई नहीं हो पा रही है। मोहल्ले में कुछ लोग पशुपालन करते हैं। गोबर आदि गंदगी नालियों में छोड़ने से नाले-नालियां गंदगी से अटी हैं। बारिश में कई माह से जलभराव बना हुआ है। ये पानी नींव में जाकर मकानों को कमजोर कर रहा है।
शिकायत पर पालिकाध्यक्ष गौरी वर्मा, पति संजीव वर्मा, ईओ प्रद्युम्न सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। नाले पर बनी दो दुकानों को तत्काल बुलडोजर से ढहाकर मलबा हटवाया। सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर नाले-नालियों की सफाई कराई गई। राकेश मित्तल, राकेश गुप्ता, गिर्राज किशोर भारद्वाज एडवोकेट, अंकित गुप्ता ने कहा कि मकान में दरारें पड़ने से वह लोग तनाव में हैं। मोहल्ले की गलियां सकरी हैं, जलभराव होने से घरों में पानी घुस रहा है।
मोहल्ला घोसियान के 11 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया है। अतिक्रमण न हटाने पर शीघ्र ही टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। लोगों की शिकायत पर नाले पर बनी दो दुकानों को तुड़वाया गया है। नाले-नालियों की सफाई को टीम लगाई गई है। -गौरी वर्मा, पालिकाध्यक्ष जलेसर
जलेसर के मोहल्ला घोसियान में मकानों में दरारें आने पर सहारे के लिए लगाई गईं बल्लियां। संवाद
जलेसर के मोहल्ला घोसियान में मकानों में दरारें आने पर सहारे के लिए लगाई गईं बल्लियां। संवाद