अवागढ़/एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खेत में गोवंश जाने पर उसको अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही हिंदू एकता मंच के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हाथरस जिले के थाना कोतवाली हाथरस गेट के दयानतपुर निवासी रवि शर्मा थाना अवागढ़ के गांव बछाकर में अपनी मौसी चंद्रवती के यहां रहता है। वह पिछले वर्ष जुलाई में यहां आया था और यहीं रहकर खेती करने लगा। थाना प्रभारी जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि शनिवार की सुबह एक गोवंश उसके खेत में चला गया। यह देखकर रवि शर्मा बौखला गया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोवंश को गोली मार दी। गोली गोवंश के पिछले पैर के ऊपरी हिस्से पर लगी। जिस वजह से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू एकता समूह के पदाधिकारी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही थाना अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया आरोपी रवि शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही आरोपी की लाइसेंसी रिवॉल्वर को जब्त कर लिया गया है। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए कार्रवाई की जा रही है।
-
खेत में खड़ी है मक्का की फसल
बताया गया आरोपी के खेत में मक्का की फसल खड़ी है। वह उसी को देखने के लिए खेत पर गया था। इस दौरान गोवंश खेत में पहुंचा, इस पर आरोपी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी।