सकीट(एटा)। सकीट ब्लाक निवासी 24 वर्षीय युवक जिला अस्पताल में जांच में कोरोना पॉजिटिव आया है। इसके बाद से वह लापता हो गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। टीम ने उसकी तलाश में पूरी खाक छान डाली, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है।
कस्बा निवासी एक युवक ने जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराई। इस दौरान वह जांच में पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही युवक मौके से लापता हो गया। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी सीएचसी अधीक्षक को दी। उन्होंने संक्रमित से संपर्क किया।
इस पर उसने कस्बा का मोहल्ला खरा का निवासी बता दिया। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक द्वारा मामले की जानकारी थाने में दी गई। जहां स्वास्थ्य विभाग टीम के साथ पुलिस भी मौके पर गई, लेकिन संक्रमित द्वारा बताया गया पता गलत निकला। इस पर टीम मायूस हो कर लौट आई।
पॉजिटिव आए युवक को लोगों की चिंता नहीं है। वह सभी लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। संक्रमित पाए जाने के बाद से उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा है। जिस जगह की जानकारी मिली थी, वहां पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई थी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
-डॉ. गौरव यादव, सीएचसी अधीक्षक