जलेसर/मारहरा (एटा)। जलेसर और मारहरा क्षेत्र में तीन कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद से इन दोनों गांवों को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। साथ ही इसे सील कर दिया गया है। गांवों के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं, लोगों को घर से बाहर निकले पर पाबंदी लगा दी गई ह्रै।
वहीं, दोनों गांवों को अग्निशमन विभाग की गाड़ियों से सैनिटाइज कराया गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी ग्रामीणों की जांच में जुटी है। गांव ओरनी 508 और गणेशपुर 977 मकान हैं। वहीं, ओरनी में 4200 और गणेशपुर में 11 हजार 390 लोग अपने मकानों में रह रहे हैं। दोनों गांव के 52 लोग कोरोना संदिग्ध माने जा रहे हैं।
मारहरा के गांव ओरनी में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पूरे को चार बैरियर लगाकर सील कर दिया गया है। इसे रेड जोन में रखा गया है, जबकि तीन किलोमीटर के क्षेत्र में पड़ने वाले चार गांव को बफर जोर में रखा गया है। इसमें गांव समोखर, काजी खेड़ा, रतनपुर और नोजरपुर शामिल हैं।
गांवों तक सब्जी और दूध की आवक होगी, जहां से प्रशासन डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से गांव ओरनी के लोगों को उपलब्ध करा रहा है। वहीं, जलेसर के गांव गणेशपुर के कंपाउंडर के भाई और भतीजे में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद गांव को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
इसके आसपास के तीन किलोमीटर के चार गांव बुधैरा, पटना पक्षी विहार, सरसैला और गुसैल को भी बैरियर लगाकर आवाजाही बंद कर दी जाएगी। यहां सुबह से ही एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। अग्निशमन विभाग की गाड़ियों ने गणेशपुर सहित अन्य गांवों में सैनिटाइजेशन कराया। सीओ सदर इरफान नासिर खान ने बताया कि पूरे गांव पर नजर रखी जा रही है, फायर ब्रिगेड की गाड़ी से रविवार शाम और सोमवार को फायरकर्मियों ने गांव को सैनिटाइज किया।
डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
डीएम सुखलाल भारती और एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने देर रात दोनों गांवों का भ्रमण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही दोनों अधिकारियों ने हिदायत की कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को बाहर निकलने की छूट नहीं दी जाएगी। इन दोनों गांवों में किसी भी तरह के सब्जी, फल, दूूध सहित किसी भी सामान के वाहनों पर पाबंदी रहेगी, लोग घरों से बाहर न निकलने पाएं। जरूरी सामान लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा।
जलेसर सिकंदराराऊ मार्ग होगा सील
जलेसर एसडीएम अरुण कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस रामनिवास ने बताया कि हॉटस्पॉट गांव के साथ तीन किलोमीटर के क्षेत्र में आने वाले सात गांव के लोग घरों में ही रहेंगे। बाहर निकलेंगे तो अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा जाएगा। जलेसर सिकंदराराऊ मार्ग भी सील किया जाएगा।
छावनी में तब्दील किए गए दोनों गांव
पुलिस ने दोनों गांवों को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया है। बैरिकेडिंग के साथ पुलिस की तैनात कर दी गई है। गांव गणेशपुर में 11 बैरिकेडिंग लगाकर 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं गांव ओरनी में 10 बैरिकेडिंग लगाई गई हैं। ओरनी में सीओ सदर इरफान नासिर खान के नेतृत्व में 50 के करीब पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
कोट
कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद गांव गणेशपुर में 11 और ओरनी में 10 बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। दोनों ही गांव में 50-50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लॉकडाउन का पूरा पालन कराने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। -संजय कुमार, एएसपी