मरकज के संबंध में लोगों की जांच करने मोहल्लों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : ETAH
एटा। खुफिया विभाग ने दिल्ली में मरकज के 250 मीटर दायरे में रहकर लौटे जिले के लोगों की सूची भेजी थी। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 214 लोगों में से 120 लोगों का ही खोज कर पाया है। अन्य की खोज जारी है। सीएमओ ने बताया कि खोजे गए लोगों में से 34 लोगों का सोमवार को स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें कोई बीमार नहीं मिला है। सभी को घर में ही रहने की हिदायत दी गई है।
दिल्ली में निजामुद्दीन के पास मरकज में हुए तब्लीगी जमात में शामिल लोगों में कोरोना वायरस फैल गया है। इसको लेकर मरकज के आसपास रहने और काम करने वाले लोगों की सूची बनाई गई है। जिले के लोग भी मरकज के आसपास रहे। उन्हें जिले में खोजा जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 120 लोगाें को खोज निकाला है।
टीम खोजे गए व्यक्ति के घर पहुंच कर उसके साथ परिवार का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। वहीं, कोई बीमारी न निकलने पर उन्हें 14 दिन तक घर से बाहर न निकलने की हिदायत भी दे रही है। इस दौरान मरकज के पास से लौटे व्यक्तियों का एक फार्मेट में पूरा विवरण स्वास्थ्य टीम द्वारा भरा जा रहा है। जहां टीम उनके परिवार के सदस्यों की संख्या के अलावा मोबाइल नंबर, दिल्ली कब और क्यों गए। क्या कार्य करते है। आदि का विवरण शासन से भेजे गए फार्मेट में भरा जा रहा है।
जिले में इस समय 15 टीम लोगों की जांच कर रहीं है। इसमें सात टीमें सिर्फ मरकज के आसपास से लौटे व्यक्तियों की जांच में जुटीं हैं। ये टीमें टीम पूरे परिवार का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। जल्दी ही बाकी बचे लोगों को खोज कर उनका भी स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
-डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ