कासगंज। रेलवे ने जनता कर्फ्यू के दौरान ट्रेनों का संचालन निरस्त करने का निर्णय लिया है। कासगंज स्टेशन पर आने-जाने वाली 36 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। शनिवार रात से ही इन ट्रेनों के रद्द रहने का आदेश जारी किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री ने रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। ऐसे में रेलवे ने शनिवार रात से ही ट्रेन निरस्त करने का निर्णय ले लिया है। क्योंकि पाया जा रहा है कि ट्रेनें लंबी दूरी तक दौड़ती हैं और ट्रेनों में हजारों यात्री जाते हैं। सतर्कता बरतते हुए रेलवे ने कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन से रविवार को दौडने वाली सभी 36 ट्रेनों का निरस्तीकरण आदेश जारी कर दिया है।
जरूरतमंद ही यात्रा को निकले
शनिवार को यात्री कम संख्या में ही यात्रा को निकले। वैसे तो स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी कम थी, लेकिन वही यात्री दिखाई दे रहे थे जिन्हें वास्तव में यात्रा की जरूरत थी।
निगम की बसें भी रहेंगी बंद
रविवार को परिवहन निगम की बसों का संचालन भी रोक दिया गया है। डीएम सीपी सिंह ने निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी हाल में रविवार सुबह 6 बजे से बसों का संचालन नहीं किया जाए। इस आदेश का कड़ाई से पालन करें।
आने वाले वाहनों में भीड़
शहर से जाने वाली ट्रेनों और बसों में तो लोगों की भीड़ कम है, लेकिन शहर की ओर आने वाली बसों में लोगों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। इसके पीछे माना जा रहा है कि परदेसी घर वापस लौट रहे हैं।
एक नजर-
- 80 बसें हैं परिवहन निगम के पास।
- 4 साप्ताहिक ट्रेनें रहेंगी रद्द।
- 6 एक्सप्रेस और 26 पैसेंजर ट्रेनें निरस्त।
किया गया निरस्तीकरण
- कोरोना वायरस के मद्देनजर ट्रेनों का निरस्तीकरण कर दिया गया है। आदेश भी अधिकारियों ने जारी कर दिया है। - राजेंद्र सिंह पीआरओ।