शराब के नशे में बसों में तोड़फोड़ करने वाले हेल्पर को समझाते रोडवेज के कर्मचारी। स्रोत वीडियोग्
एटा। अनुबंधित बस के हेल्पर ने गाड़ी को चलाने के लिए कहा तो चालक ने मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने सोमवार की सुबह मथुरा डिपो सहित दो बसों में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी मिलने पर स्टेशन प्रभारी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर पीट दिया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टैंड के अंदर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने पत्थरबाजी कर दो बसों के शीशे तोड़ दिए। युवक एक निजी अनुबंधित बस पर हेल्पर है। उसके द्वारा बसों में तोड़-फोड़ किए जाने की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रभारी अंकित पांडेय व अन्य कर्मचारी मौके पर आ गए।
जब उसको पकड़ने का प्रयास किया और तोड़फोड़ का कारण पूछा तो उसने कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की। यह देखकर कुछ लोगों ने उसके साथ हाथापाई कर दी। एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अनुबंधित बस का हेल्पर नशे में था और गाड़ी को चलाने की जिद कर रहा था। चालक ने मना किया तो उस ने बसों पर पथराव किया।
जब रोकने का प्रयास किया तो स्टाफ के साथ अभद्रता करने लगा। इसी बीच अंकित पांडेय और विनोद कुमार के साथ भी हाथापाई हो गई। कोतवाली नगर पुलिस तीनोें ही लोगों को अपने साथ ले गई। इसके बाद शांतिभंग में चालान कर दिया।