कैलाश मंदिर पर होता हुआ लिफ्ट का निर्माण कार्य। संवाद
एटा। जिले के प्रसिद्ध और प्राचीन कैलाश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 70 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य विशेष रूप से दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं को मंदिर तक सुगम पहुंच उपलब्ध कराना है।
करीब 200 फीट की ऊंचाई पर स्थित कैलाश मंदिर तक पहुंचने के लिए कई श्रद्धालुओं को दिक्कत होती थी। लिफ्ट निर्माण के बाद यात्रा में आसानी हो जाएगी और अधिक संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। परियोजना के तहत लिफ्ट के साथ ही समानांतर सीढ़ियों और दो गैलरियों का विकास भी किया जा रहा है। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को लंबे समय से जिस सुविधा का इंतजार था वह अब जल्द ही उपलब्ध होने जा रही है। नगर पालिका प्रतिनिधि ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।