एटा। गर्मी चरम स्तर पर पड़ रही है, इसके चलते जगह-जगह आग लगने के मामले भी सामने आ रहे हैं। लेकिन एक शीतगृह में मानक पूरे नहीं किए गए हैं। इस वजह से अनापत्ति प्रमाण पत्र अग्निशमन विभाग की ओर से जारी नहीं किया गया है। इसके बाद भी शीतगृह का संचालन किया जा रहा है।
जिले में 20 शीतगृहों का संचालन हो रहा है, इनमें से दो ऐसे थे इनके पास अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं थी। पहले अनुमति लेकर भंडारण करा लिया गया कि जल्द ही मानक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद एक कुसुम शीतगृह सकीट रोड ने मानक पूरे करके अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करा लिया। जब कि सकीट रोड पर संचालित एक शीतगृह मानक पूरे नहीं कर सका। इसकी वजह से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा सका, लेकिन फिर भी आलू का भंडारण करके संचालन किया जा रहा है।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केतन सिंह ने बताया कि सूरज शीतगृह संचालन की ओर से मानक पूरे नहीं किए गए हैं। आवेदन किया गया है, लेकिन मानक नहीं हैं ऐसे में एनओसी जारी नहीं की जा सकती। जब मानक पूरे हो जाएंगे तब अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा। वहीं शीतगृह नोडल अधिकारी एवं निरीक्षक उद्यान विभाग रवींद्र मिश्रा ने बताया कि आलू भंडार शुरू कराने के लिए अनुमति ली गई थी और फायर की एनओसी जल्द लेने को कहा गया था, लेकिन अब तक एनओसी नहीं मिल सकी है।