एटा। जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सोमवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। शाम को बूंदाबांदी हो गई। इससे सर्दी बढ़ने का अहसास लोगों को हुआ।
बारिश होने के बाद लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकले और अलाव का सहारा लेकर तापते दिखाई दिए। बारिश की वजह से रास्ते से गुजर रहे लोग कुछ समय के लिए आसपास बचाव ढूंढते नजर आए। अचानक हुए मौसम परिवर्तन से ग्रामीण क्षेत्र में गेहूं और आलू की फसल को फायदा होगा।
किसानों का कहना है कि अगर कोहरा पड़ता है तो आलू की फसल को नुकसान होने की आशंका है। इसके अलावा बढ़ती सर्दी में बच्चों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। चिकित्सक डाॅ. माधवेंद्र ने बताया कि मौसम बदलने पर गुनगुना पानी पीएं और गर्मी प्रदान करने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि यह बूंदाबांदी सभी फसलों के लिए लाभकारी है। अधिक बरसात होने पर आलू की फसल को नुकसान होने की आशंका रहती है।