एटा। शहर में लगातार आपराधिक वारदातें हो रही हैं, जिन्हें रोकने में कोतवाली नगर पुलिस नाकाम बनी हुई थी। इसके बाद शहर कोतवाल को हटाकर जलेसर भेज दिया गया है। जबकि जलेसर थानाध्यक्ष को यहां की कमान सौंपी गई है। इनके अलावा सकरौली थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया है। शहर में छोटी-छोटी लूटपाट और चोरी की घटनाएं बढ़ गईं थीं। आए दिन किसी न किसी के साथ या घर में कोई न कोई घटना हो रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने शुक्रवार रात थाना प्रभारियों की तैनाती में फेरबदल किया। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा को जलेसर थाने का प्रभारी बनाया है। वहीं जलेसर थाना प्रभारी रहे शंभूनाथ सिंह को कोतवाली नगर का प्रभारी बनाया। इसके अलावा सकरौली थानाध्यक्ष अवधेश कुमार को लाइन हाजिर किया है। वहीं विवेचना इकाई अपराध शाखा के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार को सकरौली थानाध्यक्ष बनाया है।