नगर में बाईपास की मांग तेजी से उठ रही है। अधिवक्ताओं ने शनिवार को न्यायालय परिसर में बाईपास मार्ग शीघ्र बनाए जाने की मांग करते हुए शासन प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया। बोले, सर्कुलर रोड के जाम से जनजीवन पर काफी असर पड़ रहा है। हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता शारदा प्रसाद सक्सेना ने कहा कि जनता को उसके अधिकार नहीं मिल रहे हैं। नगर में जाम की विकराल समस्या है। घनी आबादी के बीच से गुजरने वाले सर्कुलर रोड से 25 वाहन गुजरते हैं यहां जाम हर रोज की समस्या बन गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता कर्मवीर सोलंकी ने कहा कि सरकार की उदासीनता ठीक नहीं है।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर काम नहीं होगा तो जनता किस पर भरोसा करेगी। अधिवक्ता सत्येंद्रपाल सिंह ने कहा कि सरकार का रवैया ढुलमुल है। सर्कुलर रोड पर होकर ही न्यायालय का रास्ता जाता है। वादकारियों, अधिवक्ताओं औश्र न्यायिक अधिकारियों को कोर्ट तक पहुंचने में दिक्कत उठानी होती है। जेल से आने वाले कैदियों की वैन भी जाम में फंसी रहती है।
अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से बाईपास का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। अधिवक्ताओं ने बाईपास की मांग के समर्थन में हस्ताक्षर किए। शीघ्र ही बार एसोसिएशन की ओर से बाईपास की मांग के संबंध में प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया। समाजसेवी माधव तिवारी ने बाईपास के लिए बाजारों, आवासीय कालोनियों में लोगों से हस्ताक्षर कराए।
महिला व्यापार मंडल अभियान में लेगा हिस्सा
युवा महिला व्यापार मंडल की जिलाध्यक्ष नीलम पल्तानी ने कहा है कि बाईपास का न होना नगर के लोगों के लिए बेहद परेशानी का कारण है। जाम के कारण नगर के लोग परेशान हैं। महिला व्यापार मंडल भी बाईपास निर्माण में सहयोग करेगा।