एटा। मौसम में अचानक हो रहे बदलाव से बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बच्चे वायरल बुखार के साथ निमोनिया का शिकार बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में 200 बच्चों को परामर्श दिया गया।
बाल रोग विभाग की ओपीडी में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बच्चों के साथ माता-पिता की भरमार रही। कुल 200 बीमार बच्चों को उपचार दिया गया। इसमें सबसे अधिक वायरल बुखार के साथ निमोनिया, डायरिया आदि से पीड़ित बच्चे शामिल थे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव ने के अनुसार बदलते मौसम का बच्चों पर असर पड़ रहा है।
सर्दी, खांसी और उल्टी दस्त से साथ-साथ निमोनिया की चपेट में बच्चे आ रहे हैं। उन्होंने सलाह दी है कि बच्चों में दूध न पीना व तेज सांस लेना, कमजोरी और थकान महसूस करना, सीने में दर्द या जकड़न, बलगम के साथ खांसी आना, लगातार खांसी आना, तेज बुखार और ठंड लगना की स्थिति में तत्काल डाक्टर से परामर्श लें।