एटा/अवागढ़। थाना अवागढ़ के गांव बोर्रा खुर्द में घर के बाहर खेल रहा एक बालक गली से गुजर रही बाइक की चपेट में आ गया। उसकी मौत हो गई। दूसरी सड़क दुर्घटना में थाना निधौली कलां के गांव मझराऊ निवासी किसान की पैदल जाते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई।
गांव बोर्रा खुर्द निवासी बबलू कुमार ने पुलिस को बताया कि बेटा रितिक (4) रविवार की सुबह के घर बाहर खेल रहा था। उसी समय गांव का ही एक युवक बाइक को तेजी से चलाते हुए गली से गुजर रहा था। जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर बेटे में जा लगी। टक्कर लगते ही रितिक उछल कर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हम लोग बेटे को लेकर कस्बा में एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे।
उसने रितिक को मृत घोषित कर दिया। रितिक 3 भाई-बहन में सबसे छोटा था। मौत के बाद घर में चीखपुकार मच गई। मां ओर दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। बाइक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच-पड़ताल की जा रही है।
थाना निधौली कलां के गांव मझराऊ निवासी अवनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि भाई संजय (45) शनिवार की देर शाम पास के ही गांव नगला पोखर से दावत खाकर पैदल लौट रहे थे। गांव से निकलते ही किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, यहां चिकित्सक ने संजय को मृत घोषित कर दिया। बताया कि भाई गांव में खल की दुकान और खेतीबाड़ी करके बच्चों का पालन-पोषण करते थे। इन पर 4 बेटियां और ढाई वर्ष का एक बेटा है। मौत के बाद घर में मातम पसर गया है।