बच्चों के साथ खेल रहा था विनीत
यह पूरी घटना सकीट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बावली की है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले विनीत का छह वर्षीय पुत्र प्रबल रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पड़ोसी अमृत सिंह फौजी के निर्माणाधीन मकान में जा गिरा। वहां निर्माण कार्य के लिए सरिया का ढांचा लगा हुआ था। अचानक गिरने की वजह से एक लोहे की सरिया मासूम प्रबल के मुंह में घुसकर आर-पार हो गई।
परिजनों के उड़े होश
इस खौफनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान बच्चे की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजन और आसपास के लोग बिना देरी किए आनन-फानन में प्रबल को लेकर एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे।
डॉक्टरों ने किया आगरा रेफर
वहां मौजूद चिकित्सकों ने तुरंत बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, सरिया गहराई तक धंसने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक थी। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज और सर्जरी के लिए तुरंत हायर सेंटर, आगरा रेफर कर दिया है। फिलहाल बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है और परिवार सदमे में है।