एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मंगलवार की देर रात छत्तीसगढ़ के 10 वर्षीय बालक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। बालक का आरोप है कि वह मथुरा से ट्रेन में बैठकर आगरा में ताजमहल देखने आया था। वहां से कुछ लोगों ने अगवा कर अपहरण का प्रयास किया। नयागांव क्षेत्र से एक व्यक्ति ने पुलिस को और बाद में उसको चाइल्ड हेल्पलाइन के हवाले कर दिया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि मंगलवार की देर शाम थाना नयागांव पुलिस ने बालक को हमारे सुपुर्द किया। बालक ने पूछताछ में बताया कि वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। चार वर्ष से मथुरा-वृंदावन में रह रहा है। शनिवार को ट्रेन में बैठकर ताजमहल देखने के लिए आगरा आया था। यहां से कुछ लोगों ने अपहरण का प्रयास किया। नयागांव थाना क्षेत्र में एक स्थानीय युवक ने बचाया और पुलिस को सौैंप दिया।
पुलिस ने यहां लाकर मंगलवार को चाइल्ड हेल्पलाइन के हवाले कर दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। ज्योति शर्मा के अनुसार बालक बार-बार बयान बदल रहा है। इसके परिजन से संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर बात नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को इसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद किशोर न्यायालय में बयान होंगे और अगला निर्णय अदालत के आदेश पर ही लिया जाएगा। अपहरण का प्रयास करने की बात में सत्यता प्रतीत नहीं हो रही है।
थाना प्रभारी नयागांव विजय सिंह ने बताया कि बालक मथुरा में रासलीला कलाकार गांव गुनामई निवासी कबीरदास के साथ घर आ गया था। कबीर के भाई रामतीरथ ने विवाद के कारण फंसाने के लिए अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगा दिया। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सौंपा गया है।