एटा। महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर भर्ती कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी एक लाख रुपये 25 महिलाओं से ठगे गए। चयन न होने पर जब दबाव बना तो जालसाजों ने उन्हें रकम लौटाने के नाम पर चेक दिए, लेकिन ये चेक बैंक में बाउंस हो गए।
जिले की सभी 9 परियोजनाओं पर 148 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की गई थी। 17 मार्च को चयन सूची जारी की गई। इनमें से 128 पदों पर चयन कर लिया गया। जबकि 20 पद खाली रह गए। महिलाओं को विभाग में इस पद की नौकरी दिलाने के लिए तमाम लोग सक्रिय थे। इन्होंने 25 महिलाओं को अपने जाल में फंसाया। ठगी का शिकार हुई महिलाओं का आरोप है कि एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विभाग के दो कर्मचारियों ने पूरी डीलिंग की थी। प्रति महिला एक लाख रुपये का रेट तय किया गया था। फरवरी 2024 में ये लोग मिले थे। फॉर्म भरवाकर 10-10 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद शेष धनराशि 90-90 हजार रुपये वसूल की ली गई।
मई 2024 में इन महिलाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए गए। इनको लेकर महिलाएं कार्यालय में अपनी ज्वॉइनिंग लेने पहुंचीं तो पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी हैं। कर्मचारियों से बात की गई तो वह नियुक्ति कराने का झांसा देते रहे। जब दबाव बनाया तो 6 लाख, 2.15 लाख और 1.70 लाख रुपये के तीन चेक दिए। इनको बैंक में लगाया गया तो बाउंस हो गए।
निदेशालय तक रिश्वत पहुंचाने की कही गई थी बात
महिलाओं ने जब नौकरी न लगने पर अपना रुपया वापस मांगा तो आरोपियों ने रुपया हम लोगों के पास नहीं रखा है। यह विभागीय कर्मचारियों और डीपीओ के माध्यम से निदेशालय में पहुंचाया जाता है। फर्जी चेक का राज खुलने के बाद इन लोगों से सीधे महिलाओं को धमकाना शुरू कर दिया।
इस तरह की शिकायत लेकर अभी तक कोई महिला नहीं आई है। किसी से रुपया लिया गया है तो वह कार्यालय आकर शिकायत करे, मामले की निष्पक्षता से जांच की जाएगी। - संजय सिंह, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी