एटा। शहर के शिकोहाबाद मार्ग स्थित नगला प्रेमी हत्याकांड में एसआईटी जांच कर रही है। इसके तहत मृतका ज्योति के मंगेतर व अन्य लोगों के बयान लिए गए हैं। जल्द ही मामले में चार्ज शीट दाखिल की जाएगी।
कोतवाली नगर के शिकोहाबाद मार्ग पर नगला प्रेमी में 19 जनवरी को एक मकान के अंदर 4 लोगों की चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक गंगा सिंह के बेटे कमल सिंह को आरोपी बनाया गया है। कमल सिंह पर आरोप है कि इसने अपने पिता गंगा सिंह, मां श्यामा देवी, पत्नी रत्ना देवी और बेटी ज्योति की ईंट से कूचकर हत्या कर दी।
डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी ने मामले की गहनता से जांच के लिए सीओ कीर्तिका सिंह की अगुआई में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। सीओ कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए जा रह हैं। जांच के दौरान मृतका ज्योति के मंगेतर व उसके परिजन और अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में जल्द ही जांच पूर्ण कर चार्ज शीट दाखिल की जाएगी।