मौसम बदलने के साथ ही जुकाम, खांसी, बुखार ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। बैक्टीरियल, वायरल इंफेक्शन हो रहे हैं। इसके चलते प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। गुरुवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या 1500 तक पहुंच गई।
दो बार हुई बरसात से जिले में बीमारियां बढ़ने लगी हैं। इसमें खांसी, जुकाम, बुखार टाइफाइड और चर्म रोग के मरीज सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में ही अब तक सप्ताह भर से कम समय में 15 सौ मरीज दवाई ले चुके हैं। इधर, बढ़ रही बीमारियों के चलते जिले में झोलाछाप चिकित्सकों की भी चांदी कट रही है। शहर में जगह-जगह खुली इनकी दुकानों पर मरीज भी पहुंच रहे हैं। हालांकि इनसे इलाज मिल रहा है या इसके नाम पर खिलवाड़?
बारिश के बाद अचानक निकली धूप से बैक्टीरियल इंफेक्शन बढ़ जाता है। मरीजों की संख्या बढ़ी है। गुरुवार को जिला अस्पताल में करीब 1500 मरीज पहुंचे। जिसमें ज्यादातर खांसी, जुकाम, बुखार के हैं। इससे पहले करीब 800-1000 तक आ रहे थे।
सीएमएस, डा. प्रदीप कुमार
बरतें सावधानी
- सड़ा-गड़ा खाना न खाएं।
- स्वच्छ पानी पीएं, पानी को ढक कर रखें।
- कूलर का पानी बदलते रहें, आस-पास गंदगी जमा न होने दें।
- बुखार,जुकाम होने पर चिकित्सक से परामर्श के बाद ही दवाई लें।
उमस भरी गर्मी ने बढे़ संक्रामक रोग
कासगंज/भरगैन। बारिश के बाद धूप होने से उमस बढ़ गई है। इस मौसम में बैक्टीरिया, वायरस पनप रहे हैं। इससे लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। संक्रामक बीमारियां भी बढ़ रही हैं।
इन दिनों बुखार, डायरिया, टाइफाइड की दस्तक शुरू हो गई है। बारिश के बाद फिर से धूप होने से बैक्टीरिया पनप रहे हैं। मरीजों की अस्पतालों में कतार लग रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगैन के प्रभारी चिकित्साधीक्षक डा. महेश शंकर ने बतायो बीमारियों से बचने के लिए सभी लोगों को चाहिए वह खानपान पर अधिक ध्यान दें। ताजा भोजन लें और फलों, सब्जियों को अच्छी तरह से साफ करके सेवन करें। डा. राकेब अली, डा. आसिफ खान ने भी संक्रामक रोग से बचने के लिए साफ सफाई और खानपान पर ध्यान देने की सलाह दी है।
कैसे करें बचाव
- ताजा भोजन करें
-सड़े-गले फलों के सेवन से बचें
-स्वच्छ जल पिएं, न हो तो पानी को उबालकर ठंडा कर पिएं
-आस-पास जल भराव न होने दें