एटा। कोतवाली नगर में कृपाली देवी निवासी शीतलपुर ने शिवानी और शीतल निवासी दरगाह के पास कंपनी बाग कस्बा व थाना टूंडला जिला फिरोजाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही इनको पकड़कर थाने में पुलिस के हवाले किया है।
कृपाली देवी ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी बेटी ममता के साथ दिल्ली से लौटकर बस स्टैंड पर उतरी। यहां से ई-रिक्शा में बैठकर शीतलपुर स्थित घर के लिए जा रही थी। रास्ते में दो और महिलाएं आकर बैठ गईं। जैसे ही शीतलपुर गांव पर पहुंचे तो महिलाओं ने गले से सोने की चेन तोड़ने का प्रयास किया। यह देखकर शोर मचाकर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
इसके बाद फोन कॉल करके पुत्र विपिन और भतीजे सुनील कुमार को बुला लिया। पकड़ी गई महिलाओं को लेकर कोतवाली नगर में पुलिस के हवाले किया। यहां पूछताछ में एक महिला ने अपना नाम शिवानी व दूसरी ने शीतल बताया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।