परीक्षा देकर धुमरी पब्लिक स्कूल से बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
एटा। सीबीएसई की 10वीं अंग्रेजी कम्युनिकेटिव एवं भाषा परीक्षा शनिवार को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 3184 में से 3156 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि, 28 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। अंग्रेजी के पेपर ने परीक्षार्थियों के पसीने छुटा दिए।
सिटी कोआर्डिनेटर डा. राजीव गुप्ता ने बताया कि परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। छात्र-छात्राएं सुबह 10 बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों प्रांजुल, अभिषेक वर्मा, क्षितिज गुप्ता और अपूर्वा ने बताया कि प्रश्न पत्र उम्मीद से ज्यादा कठिन आया। इसकी वजह से हल करने में कठिनाई हुई। कई प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगा। प्रीती कुश्वाह ने बताया कि जैसी तैयारी की उसके हिसाब से प्रश्न पत्र हल करने में परेशानी हुई।
संस्कृत शिक्षा बोर्ड की दो पालियों में हुई परीक्षा
एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं शनिवार को श्री वर्णी जैन इंटर काॅलेज में दो पालियों में संपन्न हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में आयोजित पूर्व मध्यमा प्रथम की हिंदी द्वितीय परीक्षा में पंजीकृत 7 में से 6 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि, एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। इसी पाली में 11वीं हिंदी उत्तर मध्यमा प्रथम परीक्षा में 19 में से केवल 6 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 13 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में उत्तर मध्यमा द्वितीय की हिंदी परीक्षा में 3 में से 2 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।