जलेसर। गांव लखमीपुर में 10 दिन पहले हुई गर्भवती की मौत में मां ने पति सहित ससुरालीजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इलाज न कराने से मौत का आरोप लगाया है।
फिरोजाबाद जिले के रिजावली थाना क्षेत्र के गांव खुशालपुर की रेखा देवी ने बताया कि 11 साल पहले उन्होंने बेटी सुमन की शादी लखमीपुर के सुभाष चंद्र से की थी। शादी में करीब 5 लाख रुपये खर्च कर दहेज दिया था।
शादी के बाद से सुमन को पति सुभाष, जेठ दिनेश, श्याम और मोहित अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करते थे। इस बीच सुमन ने दो बेटियों को जन्म दिया। इससे ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे और प्रताड़ित करते थे।
तीसरी बार सुमन के गर्भ में लड़की होने की आशंका पर उसका उपचार नहीं कराया गया। आठ माह के गर्भ के दौरान उसकी तबीयत खराब होने पर 14 अगस्त को मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना पर लखमीपुर आने पर उसके अंतिम संस्कार की तैयारी देख उन्होंने सूचना पुलिस को देकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना प्रभारी सुधीर राघव ने बताया कि घटना पुरानी है। अब तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।