एटा। मलावन थाना क्षेत्र में हाईवे पर पुलिस चौकी सेंथरी के समीप रेस्ट एरिया के सामने ई-रिक्शा लदा एक कैंटर पलट गया। जिसके चलते उसका चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को कैंटर से निकालकर एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
कस्बा व थाना कुरावली जिला मैनपुरी निवासी नरेंद्र कैंटर लेकर गुरुग्राम से अयोध्या जा रहा था। इसमें ई-रिक्शा लदे हुए थे। जैसे ही कैंटर मलावन थाना क्षेत्र में हाईवे पर पुलिस चौकी सेंथरी के समीप पहुंची, सामने से अचानक गाय आ गई। उसको बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। जिसके चलते चालक नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने देखा तो दौड़कर आए और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि घायल चालक को कैंटर से निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, यहां उसका उपचार चल रहा है। कैंटर को सड़क से हटवा कर यातायात सुचारू किया गया है।