मारहरा। बदायूं जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में 30 अक्तूबर को हुए हादसे में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। बच्चों की आत्मा की शांति के लिए विमला देवी पब्लिक स्कूल के बच्चों व स्थानीय लोगों ने नगर में कैंडल मार्च निकालकर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी ।
विगत सोमवार को बदायूं के उसावां में एक स्कूली वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस भयानक सड़क हादसे में वैन में बैठे 26 बच्चों में से चार बच्चों की मौके पर मौत हो गई और 22 बच्चे घायल हो गए। बृहस्पतिवार देर शाम बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विमला देवी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में एकत्रित हुए। यहां से स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग हाथ मे जलती हुई कैंडल लेकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए ब्रह्मनपुरी स्थित रामलीला मैदान पर पहुंचे। जहां मौन रखकर हादसे में मृत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शैलेंद्र राठी, राहुल भारद्वाज, अक्षत राठी, बबलू चौधरी, विशेष यादव, अरुण राघव, शशांक, यश पंडित, रनवीर सिंह आदि मौजूद थे ।