एटा। अलीगंज विस सीट को लेकर भाजपा में हलचल देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर बाकायदा एक कैंपेन चलाया जा रहा है। जिसमें पार्टी के ही एक नेता को विरोधी बताते हुए भाजपा प्रत्याशी को हराने के आरोप लगाए जा रहे हैं। ट्विटर पर इस भाजपा नेता के नाम से हैशटेग बनाया गया है, जो दो दिन से काफी ट्रेंड हो रहा है। इसमें लगातार पोस्ट डाली जा रही हैं। भाजपा नेता के एक फोटो को अपलोड कर बताया जा रहा है कि वह पार्टी प्रत्याशी को हराने की कोशिश कर रही है।
इसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं को ट्वीट कर स्थानीय भाजपा नेता को हटाने की मांग की जा रही है। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने बताया कि पार्टी के जिस नेता को लेकर बात की जा रही है, वह पूरी तरह भाजपा के साथ है और अलीगंज प्रत्याशी के प्रचार में जुटे हुए हैं। पार्टी के सभी कार्यक्रमों में साथ आ रहे हैं। उनसे लगातार बात भी हो रही है। किसी ने व्यक्तिगत स्वार्थ में सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड की होगी।