एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के एक युवक को फेसबुक के जरिए गाय-भैंस खरीदना महंगा पड़ गया। साइबर अपराधियों ने झांसे में लेकर 6 बार में एक लाख से अधिक रकम ठग ली। अब साइबर अपराधियों के खिलाफ उसने रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव नगला नैंया निवासी अखिलेश कुमार को साइबर अपराधियों ने ठगी का शिकार बनाया है। एसएसपी के आदेश पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उसने बताया कि फेसबुक पर अशोक शर्मा डेरी के नाम से गाय-भैंस खरीदने का विज्ञापन प्रदर्शित किया गया था। उस पर दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो व्हाट्सएप पर गाय-भैंस के फोटो भेजे गए। इसके बाद बात होने लगी तो आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों को मांग लिया।
साइबर ठगों ने पहली बार में 8 सितंबर को एडवांस के रूप में 8 हजार रुपये फोन पे पर डलवाए। 9 सितंबर को कई बार में रुपये डलवाए और कहा कि आगरा में कृष्णा होटल के पास गाड़ी खड़ी है जो गाय-भैंस लेकर निकल गई है। जब गाड़ी का नंबर मांगा तो फर्जी नंबर प्लेट का फोटो भेज दिया। गाड़ी नहीं आई तो 10 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे फोन किया तो बताया कि पुलिस ने गाड़ी को पकड़ लिया है आप 24 हजार रुपये फोन पे पर डालो तब गाड़ी भेजी जाएगी। इसी तरह से गुमराह करता रहा तब तक 1 लाख 2 हजार रुपये ठगों के पास पहुंच चुके थे। थाना प्रभारी मिरहची सुभाष बाबू कठेरिया ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच साइबर सेल से कराई जा रही है।