एटा। लगभग 6 माह पूर्व शुरू हुई टनकपुर बस सेवा बंद है। इसकी वजह से लोगों को कासगंज पहुंचकर ट्रेन के माध्यम से आवागमन करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यहां से सीधी बस सेवा शुरू होेनी चाहिए।
टनकपुर के लिए शुरू की गई बस कुछ दिन चलने के बाद ही बंद कर दी गई। इसकी वजह से लोगों को माता पूर्णागिरि दर्शन के लिए टनकपुर तक जाने के लिए बस के बाद रेल का सहारा लेना पड़ रहा है। इसमें समय अधिक लग रहा है। मोहल्ला राधा विहार निवासी मोहित ने बताया कि जब भी माता पूर्णागिरि दर्शन के लिए सीधी बस सेवा होने पर कोई दिक्कत नहीं होती और समय भी कम लगता है। इसलिए फिर से बस सेवा शुरू होनी चाहिए।
गांव सेंथरी निवासी शिवम चौहान ने बताया कि सीधी बस सेवा नहीं होने से समस्या होती है। यहां से बस के माध्यम से कासगंज पहुंचो और वहां से ट्रेन से टनकपुर तक की यात्रा करो। बच्चों के साथ बार-बार वाहन बदलने में काफी समस्या होती है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन की एक बस चल रही है। डिपो की भी बस का संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा।