एटा। जीटी रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर शनिवार तड़के भीषण हादसा हुआ। यहां यात्रियों से भरी बस और ट्रक में आमने-सामने से टक्कर हुई। इसके बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर 15 फुट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। ट्रक कार पर गिरा, जबकि बस दूसरी साइड में पेड़ को तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गई। हादसे के बाद वहां चीखपुकार मच गई। बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। दोनों वाहनों के चालक और परिचालक वहां से भाग गए। 10 लोगों को मेडिकल काॅलेज में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित रेलवे पुल पर शनिवार तड़के करीब 4ः30 बजे दिल्ली से कौशांबी डिपो की अनुबंधित बस आ रही थी। एटा की ओर से बजरफुट से भरा ट्रक जा रहा था। पुल की ढलान पर दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे करीब 15 फुट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। ट्रक शृंगार नगर की ओर सर्विस रोड पर गिरा जबकि बस अरुणा नगर की तरफ वाली सर्विस रोड पर पलटी। ट्रक के गिरने से वहां खड़ी कार चकनाचूर हो गई। गनीमत रही उस समय कार में कोई भी मौजूद नहीं था।
दूसरी साइड बस पलटने से इसमें बैठे करीब 40 यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग जाग गए। बस के आगे का शीशा टूट गया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे लोगों को शीशे की तरफ से बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। 12 घायलों को भर्ती किया गया। 10 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल होने की वजह से भर्ती हैं।
बचाव के लिए पहुंचा युवक भी हुआ घायल
बस नीचे गिरने के बाद सवारियों में अफरातफरी मच गई। चीखपुकार सुनकर अरुणा नगर निवासी विराट पुत्र सुनील परिहार भी घर से निकलकर आए और घायलों को निकालना शुरू किया। बचाव कार्य के दौरान कांच और लोहा लगने से उनके हाथ मेंं गहरी चोट आई है। उन्होंने भी उपचार कराया।
ये लोग हुए घायल
गंगा देवी (48), मुस्कान (8) निवासी बल्लभगढ़ हरियाणा, श्यामादेवी (55) निवासी मनकी जैथरा, मानवी (14), प्रीती (26), निखिल (12), निरजीत (8) निवासी शाहजहांपुर, सुधीर (32) निवासी फरीदाबाद, कोमल (32), मानवी (5) निवासी नवाबगंज, प्रदीप (42) निवासी फर्रूखाबाद, सोवेंद्र यादव (23) निवासी कासगंज
बिजली के खंभे टूटने से शृंगार नगर के आधे मोहल्ले की बिजली गुल
बस व ट्रक में टक्कर होने के बाद ट्रक बिजली के खंभे से टकराता हुआ नीचे सर्विस रोड पर पलट गया। इससे वहां पर खड़ी एक कार भी दब गई। वहीं बिजली के खंभे टूट गए। इससे शृंगार नगर मोहल्ले के आधे घरों की बिजली गुल हो गई। विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों को सुबह जब बिजली नहीं आने का कारण पता चला तो लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। विद्युत निगम के कर्मचारी मरम्मत के काम में लगे थे। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी रही।
दहेज में मिली थी कार
शृंगार निवासी अंकित शर्मा ने बताया कि साल 2022 में उनकी शादी हुई थी। तभी दहेज में उन्हें कार मिली थी। उन्होंने बताया कि घर के बाहर नगर पालिका परिषद की ओर से नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इसकी वजह से कार को गली के बाहर खड़ा करना पड़ता था। शनिवार सुबह ट्रक पलटने से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
शराब के नशे में था बस ड्राइवर
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि रात में एक जगह पर बस ड्राइवर ने शराब पी थी। उसके बाद नशे की हालात में बस को लेकर आया। बीच में दो बार बस अनियंत्रित भी हुई थी। शहर में प्रवेश करते समय ही ट्रक में टक्कर मार दी। इसके बाद बस रेलवे पुल से नीचे सर्विस रोड पर गिर गई। इसके बाद चालक और परिचालक दोनों लोग फरार हो गए।
सुबह करीब 4ः30 बजे रेलवे पुल पर बस और ट्रक की टक्कर में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। यात्रियों की हल्की चोटें आई हैं। उन्हें इमरजेंसी में उपचार दिया गया। वहीं दो लोगों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। मामले में सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और जांच की जा रही है। - कीर्तिका सिंह, सीओ सिटी
रेलवे पुल पर हादसा होने के बाद पलटी बस। संवाद
रेलवे पुल पर हादसा होने के बाद पलटी बस। संवाद
रेलवे पुल पर हादसा होने के बाद पलटी बस। संवाद
रेलवे पुल पर हादसा होने के बाद पलटी बस। संवाद
रेलवे पुल पर हादसा होने के बाद पलटी बस। संवाद