एटा। जैथरा के गांव ढीपा निवासी बीएससी का छात्र मंगलवार को बाइक से कस्बा बाजार जा रहा था। गांव से निकलते ही रास्ते में एक पेट्रोेल पंप के पास सामने से आ रही कार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
गांव ढीपा निवासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि बेटा मनोज (19) बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र था। 4 भाई-बहनों में तीसरे नंबर का मनोज पढ़ने में काफी अच्छा था। बड़ा बेटा 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़कर खेती करता है। छोटा बेटा भी 10वीं के बाद घर पर काम में हाथ बंटाता है। होली के लिए घर का सामान खरीदने बाइक लेकर निकला था। गांव से लगभग डेढ़ किमी दूर पेट्रोल पंप के सामने कार की चपेट में आने से वह बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस व परिजन को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
हेलमेट होता तो जान बच जाती
हादसे में मनोज के सिर में गंभीर चोट लगी थीं। इस कारण उसकी जान चली गई। परिजन व अन्य स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मनोज ने हेलमेट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच जाती। हादसे में मनोज का सिर सड़क या किसी अन्य पक्की जगह टकराया इससे अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।