एटा। दिल्ली से साली की शादी में शामिल होने आ रहे जीजा को जहरखुरानों ने बेहोश कर शिकार बना लिया। उसके पास रखे 25 हजार रुपये के साथ ही मोबाइल व नए कपड़ों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जब जीजा ससुराल नहीं पहुंचा तो साला ढूंढ़ते हुए बस स्टैंड पहुंचा। जहां जीजा अचेतावस्था में पड़ा मिला। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
थाना निधौली कलां के गांव रफतनगर सैंथरा निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि बहनोई संजू निवासी कृष्णा काॅलोनी, प्रह्लादपुर दिल्ली से शादी में शमिल होने आ रहे थे। मंगलवार को मेरी बहन सरिता की शादी होनी है। बहनोई संजू दिल्ली में अपने ही मकान में बाइक के पार्ट्स की दुकान करते हैं। उनके पास 25 हजार रुपये, मोबाइल तथा एक बैग में नए कपड़े थे।
रास्ते में किसी ने इनको खाद्य या पेय पदार्थ में कोई नशीला पदार्थ दे दिया। जिससे ये बेहोश हो गए। इसके बाद जहरखुरान इनके पास से नकदी व मोबाइल के साथ ही नए कपड़ों से भरा हुआ बैग भी ले गए। रविवार रात को 9:30 बजे वह दिल्ली से चले थे। सोमवार सुबह काफी देर तक घर नहीं आए तो फोन किया। जो बंद जा रहा था। ढूंढ़ते हुए हम लोग बस स्टैंड पहुंचे। वहां पुलिस चौकी के पास बहनोई बेहोश पड़े थे। मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा है।