उत्तर प्रदेश के एटा में मंगलवार की सुबह बाग के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो चर्चा होने लगी। खबर फैली तो लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। चचेरे भाई ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई। पुलिस जांच कर रही है।
घटना रिजोर थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर नगरिया की है। गांव निवासी जुगेंद्र सिंह ने बताया कि उसके ताऊ भजनलाल काफी समय पूर्व गांव में अपना मकान और जमीन बेचकर चले गए। वह इस समय गांव सलेमपुर थाना हसायन जिला हाथरस में रहते हैं। बताया कि उसकी ननिहाल बढेरी जिला मैनपुरी में है।
सात जुलाई को मामा अतर सिंह के बेटे अर्जुन की शादी थी। इसमें ताऊ का बेटा कुलदीप विवाह में शामिल होने के लिए वहां पहुंचा था। वहां से वह 11 जुलाई को अपने पैतृक गांव इब्राहिमपुर नगरिया में चाचा के यहां आया। घर परिवार के लोगों और दोस्तों से मुलाकात की।
बाद में शाम 7 बजे के बाद से कुलदीप कहीं दिखाई नहीं दिया। चाचा रामनाथ ने बताया कि उसकी खोजबीन की घर व रिश्तेदारी में भी पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 12 जुलाई को रिजोर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार को कस्बा के पास खेत में बृजेश कुमार खेत की जुताई कर रहा था।
ट्रैक्टर चलाते समय एक जगह से बार-बार बदबू आ रही थी, बृजेश कुमार ने उतर कर देखा तो झाड़ी में युवक का शव दिखाई दिया। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा, डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे।
मृतक कुलदीप के चचेरे भाई ने हत्या की आशंका जताई है। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण मालूम पड़ सकेगा। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जो भी तथ्य निकाल कर आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।