अलीगंज। तीन दिन से काली नदी में तलाश कर रहे लापता युवक का शव शनिवार को थाना नयागांव क्षेत्र के अकबरपुर के पास मिला। शव नदी में टूटे पड़े शीशम के पेड़ में फंसा था। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
गांव गलारपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि भाई विमलेश कुमार 20 अक्तूबर को मेला देखने गया था। गांव का ही एक युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से विमलेश का पता नहीं चला।
परिजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अजय कुमार ने गांव के ही दो लोगों पर भाई के अपहरण का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या की आशंका जताई थी। परिजन को शक था कि विमलेश की हत्या कर शव काली नदी में फेंक दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम ने शुक्रवार को करीब 35 किलोमीटर तक नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शनिवार को पीएसी बटालियन की टीम स्टीमर के माध्यम से नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रही थी। इसी दौरान अकबरपुर के पास टूटे पड़े शीशम के पेड़ में शव फंसा दिखाई दिया। पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन दिन से नदी किनारे युवक के मिलने की आस लगाए बैठे परिजन को जैसे ही शव मिलने की जानकारी हुई, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार तलाश कर रही थीं। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। - राजेश सिंह, सीओ अलीगंज