एटा। बृहस्पतिवार सुबह की पाली में संपन्न व्यावसायिक परीक्षा में सारणी की अनुमन्यता विवाद बन गई। परीक्षार्थियों के पास सारणी टेबल देखकर नाराज डीआईओएस अनुमन्यता आदेश देखकर शांत हुए।
व्यावसायिक शिक्षा के चौथे प्रश्नपत्र में वर्गीकरण टेबल की अनुमन्यता होती है। इसी आदेश के अनुपालन में कुछ परीक्षार्थी इसके साथ परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान जनता इंटर कॉलेज अवागढ़ पहुंचे डीआईओएस एमपी सिंह का परीक्षा कक्ष में वर्गीकरण टेबल देखकर पारा चढ़ गया। नकल मानकर कार्रवाई के निर्देश दिए। लेकिन केंद्र व्यवस्थापक एवं विषय अध्यापक द्वारा विभागीय निर्देशों की जानकारी देने पर शांत हुए। इसके बाद भी शिक्षा अधिकारी सिंह ने जिले के अन्य संस्था प्रमुखों से इसकी पुष्टि की। इस दौरान जनता इंटर कॉलेज पिलुआ, श्रीराम बाल भारती, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, प्रिंटिस गर्ल्स आदि केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही शेष पेपर कापियों का सत्यापन भी कराया।
18 फरवरी को शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं का शुक्रवार को अंतिम दिन होगा। शाम की पाली में व्यावसायिक परीक्षा के साथ परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। बताते चलें कि जिले के 82 परीक्षा केंद्रों पर 61 हजार से अधिक बोर्ड परीक्षार्थी शामिल हुए।
बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से
एटा। जिला मुख्यालय के पांच केंद्रों पर यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। 16 से शहर के पांच केंद्रों पर हाईस्कूल इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। डीआईओएस एमपी सिंह ने जीआईसी, जीजीआईसी, आर्य विद्यालय, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज एवं श्री गांधी स्मारक परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव पहले ही माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा जा चुका है। जनपदीय शिक्षकों को परीक्षक सूची का इंतजार है।