सस्ते दामों में असुरक्षित खून निकाल जरूरतमंदों को महंगे दामों में बेचने वाले व्यक्ति को पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार दोपहर डेढ़ बजे पैथोलॉजी पर छापामार कार्रवाई कर पकड़ लिया। पैथोलॉजी से तीन यूनिट खून भी बरामद किया है। पुलिस ने पैथोलॉजी सील कर आरोपी को जेल भेज दिया है। पैथोलॉजी का कोई रजिस्ट्रेशन भी नहीं है।
कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम संजीव उर्फ संदीप निवासी निधौली खुर्द रिजोर बताया है। आरोपी बिना पंजीकरण के अवैध रूप से शहर के पटियाली गेट यादव मार्केट में लाइफ केयर पैथोलॉजी के नाम से लैब चलाता है। आरोपी असुरक्षित खून जैसे टीबी मरीज, नशेड़ी, अन्य बीमारी के शिकार लोगों से 200 से 300 रुपये देकर खून निकाल लेता था और बाद में जरूरतमंदों को सुरक्षित खून बताकर दो हजार से तीन हजार रुपये तक में बेचता था।
बताया कि कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डॉ. अभिनव दुबे, डॉ. राजेंद्र कुमार साथ थे। कार्रवाई के दौरान लैब से खून निकालने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। डॉ. अभिनब दुबे ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को देर सायं जेल भेज दिया था। थानाप्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान अन्य आरोपियों के भी नाम सामने आए हैं, जो शहर में अवैध रूप से पैथोलॉजी चलाते हैं। उन पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
एक महिला की भी जा चुकी है जान
पुलिस के अनुसार कुछ महीनों पहले एक महिला को इसी पैथोलॉजी से खून चढ़ाया गया था। असुरक्षित खून होने के कारण महिला की मौत हो गई थी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जिसकी भी जांच चल रही है।