एटा के सांसद राजवीर सिंह ने कहा है कि धर्मांतरण और घर वापसी का मामला भारतीय जनता पार्टी का नहीं है। यह हिंदूवादी संगठन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल आदि के कार्यक्रम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि जबरन धर्मांतरण हो। लेकिन कोई स्वेच्छा से घर वापसी करता है तो उसका स्वागत है।
सांसद ने कासगंज और एटा में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जन कल्याणकारी तमाम योजनाओं की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे अब तक आठ बार संसद में एटा-कासगंज की विकास योजनाएं रख चुके हैं। इन विकास योजनाओं पर काम हो रहा है। एटा से अलीगढ़ सड़क को फोर लेन बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इसके लिए धन भी आवंटित हो चुका है।
कासगंज की सोरों तीर्थस्थली को पर्यटक स्थल बनाने का मामला और एटा की जहावर तापीय परियोजना तथा एटा कासगंज रेल मार्ग के मुद्दे संसद में उठाए हैं। जिन्हें सरकार ने गंभीरता से लिया है। शीघ्र ही इस दिशा में सार्थक परिणाम सामने होंगे। उन्होंने कहा कि कासगंज जिले में केंद्रीय कार्यालय खोले जाने की मांग उनके सामने आई हैं। केंद्र सरकार के कौन कौन से कार्यालय यहां स्थापित होने हैं वे इनके बारे में जानकारी करके इसके लिए पहल करेंगे।