एटा। बर्ड फ्लू का केस कानपुर के चिड़ियाघर में मिलने के बाद जिले में इसको लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सबसे ज्यादा नजर विदेशों से आए पक्षियों पर रखी जा रही है। वहीं जिले में सर्विलांस टीम पोल्ट्री फार्म का प्रतिदिन निरीक्षण कर रही है।
कानपुर के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का केस रविवार को सामने आया। मामला सामने आते ही उच्चाधिकारियों द्वारा प्रशासन को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। सबसे ज्यादा निगरानी विदेश से आए पक्षियों की करने की बात कही गई है। अगर किसी पक्षी की मौत हो जाए तो उसका पोस्टमार्टम अवश्य कराया जाए। इसके साथ ही पक्षियों की बीट की जांच कराने की बात कही जा रही है। जिससे पता चल सके कि किसी विदेशी पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण तो नहीं हैं।
इंद्रपुरी में दो कौवे मरे, दहशत
रेलवे रोड स्थित शहर की पॉश गेटबंद कॉलोनी इंद्रपुरी में रविवार की शाम दो कौवाें की मौत हो गई। कॉलोनी के लोगों ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को फोन लगाया पर उनका फोन नहीं उठा। देर रात तक कॉलोनी के लोग बर्ड फ्लू की आशंका लेकर बेचैन रहे। देर रात तक विभाग से कोई बात नहीं हो पाई तो सफाईकर्मी से कोवों को डस्टबिन में डलवा दिया गया।