एटा। एक छात्र का मोबाइल और नकदी छीनकर बाइक सवार दो आरोपी भाग गए। पीड़ित ने थाना जैथरा में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांव नगला चुन्नी निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि 25 सितंबर को वह साइकिल से कस्बा जैथरा स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने जा रहा था। रास्ते में धरौली तिराहे के पास पहुंचा तो एक बाइक पर सवार 2 लड़के बराबर में आकर बातचीत करने लगे। इसके बाद आगे बाइक लगाकर रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर मोबाइल व 1500 रुपये छीनकर भाग गए।
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि छात्र की तहरीर पर नामजद केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर ही अंशुल उर्फ शूटर निवासी पिपहरा और आकाश उर्फ टीटू उर्फ मंत्री निवासी सहादत नगर हाल निवासी दरियावगंज मार्ग कस्बा जैथरा को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से छीना गया मोबाइल और रुपयों में से बचे 350 रुपये बरामद किए गए हैं। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।